10 साल बाद विश्वविद्यालय में खुला पदोन्नति का रास्ता

इन्दौर: लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे विश्वविद्यालय, इन्दौर के नियमित गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर आई है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभागीय पदोन्नति समिति डीपीसी की अनुशंसा और कुलगुरु की मंजूरी के बाद 10 कर्मचारियों की पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए हैं. यह कार्रवाई मध्यप्रदेश शासन द्वारा लागू किए गए म.प्र. लोकसेवा पदोन्नति नियम-2025 के तहत की गई है.

जारी आदेश के अनुसार अधीक्षक पद पर कार्यरत सरोज शुक्ला और सत्यप्रकाश कटारे को पदोन्नत कर अनुविभागीय अधिकारी बनाया गया है. वहीं सूरज सिंह चौहान, संतोष लांभाते, नितिन लोनारे, कमलसेन अहिरवार, जगदीश सिंह कुशवाह, प्रकाशचन्द्र सूर्य, महेशचन्द्र गुप्ता और राजेन्द्र सिंह परमार को सहायक वर्ग-एक से अधीक्षक पद पर पदोन्नति दी गई है. सभी पदोन्नत कर्मचारियों को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पदोन्नति का लाभ मिलेगा. विश्वविद्यालय प्रशासन ने पदोन्नति आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया मध्यप्रदेश राजपत्र में 19 जून 2025 को प्रकाशित म.प्र. लोकसेवा पदोन्नति नियम-2025 तथा सामान्य प्रशासन विभाग के नवीनतम दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की गई है. आदेश में आरक्षण संबंधी प्रावधानों का पालन किए जाने का भी उल्लेख किया गया है.

महत्वपूर्ण शर्त भी लागू रहेगी
हालांकि इन पदोन्नतियों पर एक महत्वपूर्ण शर्त भी लागू रहेगी. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पदोन्नति से जुड़े मामलों पर सर्वोच्च न्यायालय और मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में लंबित याचिकाओं के अंतिम निर्णय के बाद यदि कोई प्रभाव पड़ता है, तो यह आदेश उसी के अनुरूप माना जाएगा. इसके अलावा यदि किसी पदोन्नत कर्मचारी के विरुद्ध विभागीय जांच, अनुशासनात्मक कार्रवाई या आपराधिक प्रकरण लंबित पाया जाता है, तो संबंधित कर्मचारी की पदोन्नति स्वतः निरस्त मानी जाएगी.

Next Post

इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन पर सिग्नलिंग कार्य अंतिम चरण में, 95' से अधिक काम पूरा

Thu Jul 23 , 2026
इंदौर: इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना पर सिग्नलिंग कार्य अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है. पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के अंतर्गत निर्माणाधीन इस महत्वाकांक्षी परियोजना में टीही से धार तक 95 प्रतिशत से अधिक सिग्नलिंग कार्य पूरा हो चुका है. शेष कार्य भी निर्धारित समयसीमा के भीतर […]

You May Like