
नारायणगंज/मंडला। ग्राम पंचायत देवहार अंतर्गत सुरगवानी चौराहा पर स्थित प्रमुख पुलिया भारी बारिश के चलते बाढ़ की चपेट में आकर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। यह पुलिया लगभग 20 गांवों को जोड़ने वाला एकमात्र संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, छात्र और वाहन आवाजाही करते हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पुलिया की स्थिति अत्यंत जर्जर हो गई है और वह कभी भी पूरी तरह से ढह सकती है। स्कूली बच्चों से लेकर किसानों के ट्रैक्टर और दोपहिया-चारपहिया वाहन इसी पुलिया से गुजरने को विवश हैं। बावजूद इसके, अब तक न तो जनपद पंचायत ने और न ही जिला प्रशासन ने इसकी मरम्मत या निरीक्षण की दिशा में कोई कदम उठाया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की यह निष्क्रियता भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रही है। एक स्थानीय नागरिक ने नाराजगी जताते हुए कहा, ऐसा लग रहा है मानो प्रशासन किसी गंभीर जानलेवा हादसे के इंतजार में है, तभी कोई हरकत होगी।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि पुलिया की स्थिति का तत्काल संज्ञान लिया जाए और आवश्यकतानुसार मरम्मत या पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जाए, ताकि जन-जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
