जबलपुर: समर्थन मूल्य में चल रही खरीदी के लिए किसानों द्वारा स्लॉट बुक होने वाला पोर्टल शनिवार से बंद था, जिससे विगत पांच दिनों से किसानों के स्लॉट बुक नहीं हो पाए। वहीं गुरुवार को एक दिन के लिए पोर्टल खोला गया था, जिसमें जिले के लगभग 3 हजार किसानों ने अपनी फसल समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए स्लॉट बुक किए हैं। गुरुवार को 2965 किसानों ने स्लॉट बुक किए हैं।
जिससे कुल 7608 किसानों के स्लॉट बुक हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि शनिवार से पोर्टल में कुछ प्रॉब्लम आने से किसानों के स्लॉट बुक नहीं हो पा रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि भोपाल से ही पोर्टल में कुछ प्रॉब्लम आई है, जिसके लिए सुधार कार्य में लगे हुए हैं। जिसकी अंतिम तिथि 29 जुलाई थी, लेकिन पोर्टल बंद होने के कारण गुरुवार को एक दिन के लिए पोर्टल खोला गया था।
साढ़े सात हजार मीट्रिक टन से ज्यादा हुई खरीदी
कृषि उपसंचालक से मिली जानकारी के अनुसार जिले में गुरुवार तक मूंग और उड़द की खरीदी में 3819 किसानों से 7754 मीट्रिक टन फसल का उपार्जन हुआ है। जिसमें 2845 किसानों ने 5724 मीट्रिक टन मूंग और 965 किसानों ने 2030 मीट्रिक टन उड़द समर्थन मूल्य पर बेची है।
8 अगस्त तक होना है उपार्जन
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा जिले में ग्रीष्म कालीन मूंग एवं उड़द का उपार्जन 7 जुलाई से 8 अगस्त तक किया जाना है। जिसके लिए जिले में 12 केंद्र स्थापित किए हैं। इसके अलावा जिले में कुल 18 हजार 512 किसानों ने मूंग एवं उड़द के उपार्जन के लिए अपना पंजीयन कराया है।
