
बांदरी। बांदरी तहसील के पिठौरिया और जुझारपुरा गांवों में सामाजिक बुराई रोकने और सकारात्मक बदलाव लाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। दोनों गांवों के लोगों ने मिलकर शराब पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है।
पिछले समय में शराब के बढ़ते सेवन के कारण विवाद और पारिवारिक कलह बढ़ रहे थे। इसे देखते हुए पिठौरिया गांव के सैकड़ों लोग एकत्र हुए और सर्वसम्मति से शराबबंदी का निर्णय लिया। अब किसी भी व्यक्ति द्वारा शराब बेचने पर 11,000 रुपये और शराब पीकर उत्पात मचाने पर 5,100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माना न देने पर सामाजिक बहिष्कार भी किया जाएगा।
गांव वालों ने इस फैसले की जानकारी जनप्रतिनिधियों और पुलिस को दी और सहयोग की अपील की। इसी तरह, जुझारपुरा गांव में मां भगवती कल्याण संगठन की पहल पर भी शराबबंदी लागू की गई है। उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने का प्रावधान किया गया है। ग्रामीणों ने नारे लगाकर शराबबंदी को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया और शपथ ग्रहण कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने उनका उत्साह बढ़ाया।
