सोनू निगम को लता मंगेशकर सम्मान से सम्मानित किया गया

इंदौर।इंदौर की सांस्कृतिक धरती पर आज गीत-संगीत के आयोजित अद्भुत, एवं गरिमामय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक सोनू निगम को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से विभूषित किया. यह आयोजन संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन इंदौर के सहयोग से हुआ.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि भारत रत्न लता मंगेशकर ने अपने स्वर से भारतीय संगीत को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया. उनके नाम पर दिया जाने वाला यह सम्मान अद्वितीय है. यह उन कलाकारों के योगदान को नमन है, जिन्होंने गीत-संगीत के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी है. उन्होंने कहा कि आज हम विश्व प्रसिद्ध गायक सोनू निगम को सम्मानित कर गौरवान्वित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि सोनू निगम जी के आने से ऐसा लग रहा है जैसे अमावस की रात में पूनम का चांद आया है. आज हम गर्वित है कि संगीत की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इंदौर की संगीत परंपरा अद्वितीय है.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा समारोह में वर्ष 2025 का राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान सुप्रतिष्ठित पार्श्व गायक सोनू निगम को प्रदान किया गया. इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव, विधायकगण महेन्द्र हार्डिया, उषा ठाकुर, मालिनी गौड़, मधु वर्मा तथा गोलू शुक्ला, पूर्व विधायक जीतू जिराती, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे.

लता जी जीती-जागती परंपरा रही

अपने सम्मान के प्रत्युत्तर में पार्श्व गायक सोनू निगम ने भावुक स्वर में कहा कि लता जी हमारे लिए केवल प्रेरणा नहीं, बल्कि संगीत की जीती-जागती परंपरा रही हैं. इस सम्मान को पाकर मैं स्वयं को धन्य महसूस कर रहा हूँ. यह क्षण मेरे जीवन के सबसे खास पलों में से एक है. उन्होंने कहा कि जिस लता मंगेशकर अलंकरण समारोह में प्रस्तुति देने के लिए मैं 30 वर्ष पूर्व इंदौर आया था, उसी सम्मान समारोह में मुझे आज यह सम्मान मिलना बेहद गौरव का पल है.

भारतीय संगीत को विश्व स्तर पर स्थापित का

समारोह के प्रारंभ में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमारे लिए अत्यंत गौरव का है, क्योंकि संगीत जगत की महान हस्ती भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर का जन्म दिवस है और उसी दिन हम यह कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं. राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान संगीत जगत में महत्वपूर्ण स्थान रखता है. लता जी के नाम पर सम्मान प्रदान करना मध्यप्रदेश के लिए गर्व की बात है. लता जी ने भारतीय संस्कृति और संगीत को विश्व स्तर पर स्थापित किया है. कार्यक्रम के प्रारंभ में संचालक संस्कृति एस.पी. नामदेव ने प्रशस्ति पत्र का वाचन किया. मुख्यमंत्री ने लता मंगेशकर के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी चित्र लतिका का अवलोकन भी किया.

संगीत संध्या का आयोजन

अलंकरण के पश्चात संगीत संध्या का आयोजन हुआ जिसमें लोकप्रिय पार्श्व गायक अंकित तिवारी एवं उनके दल ने एक से बढ़कर एक मधुर प्रस्तुतियां दीं और श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया.

Next Post

जम्मू-कश्मीर अब प्रमुख निवेश केंद्र: मनोज सिन्हा

Sun Sep 28 , 2025
जम्मू, 28 सितंबर (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज इस बात पर प्रकाश डाला कि व्यापक बुनियादी ढाँचे के विकास और निवेशक-अनुकूल नीति ने जम्मू-कश्मीर को उत्तर भारत के एक आकर्षक निवेश स्थल में बदल दिया है। वह कठुआ के बसोहली में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग और आईसीआईसीआई […]

You May Like