
टीकमगढ़। आज पपौरा चौराहे पर एक बड़ा हादसा हो गया, जब छतरपुर से ललितपुर की ओर जा रहा ट्रक एक मकान से टकरा गया। हादसे में मकान की दीवार और बिजली मीटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
यह घटना आज सबेरे की है। ट्रक चालक बबलू नट जब पुराने टिहरी मार्ग से गुजर रहा था, तभी उसका वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और सीधे एक घर में जा घुसा। उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पूर्व भारी बारिश के कारण पुरानी टिहरी में स्थित एक प्राचीन पुल की दीवार ढह गई थी। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने पपौरा चौराहे पर बैरिकेट लगाकर मार्ग बंद किया था, लेकिन स्थानीय लोगों ने बैरिकेट हटा दिए थे, जिससे यह हादसा हुआ।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन हादसा एक बड़ी चेतावनी बनकर सामने आया है।
