झाबुआ मर्डर मिस्ट्री: महंगे शौकों के लिए मौसी के घर डाली थी डकैती, मासूम उत्कर्ष की हत्या और दादी पर जानलेवा हमला करने वाला भांजा गिरफ्तार

पेटलावद। झाबुआ जिले के पेटलावद थाना क्षेत्र अंतर्गत कोदली गांव में 5 मई को 6 वर्षीय मासूम बालक की फावड़े से की गई निर्मम हत्या का पुलिस ने बुधवार को बड़ा खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना क्या थी?

5 मई की दोपहर को जब बालक उत्कर्ष पिता शैलेंद्र नायक, उम्र 6 वर्ष अपनी दादी रमीलाबाई उम्र 53 वर्ष के साथ घर पर अकेला था, तभी आरोपी घर में घुसे और फावड़े से दोनों पर हमला कर दिया। मासूम उत्कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दादी रमीलाबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए वडोदरा रेफर किया गया।

परिवार के अन्य सदस्य उस समय शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे। बालक अपनी गर्मी की छुट्टियां दादा-दादी के यहां बिता रहा था।

आरोपी कौन?

पुलिस ने खुलासा किया कि हत्या करने वाला मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ जितु उम्र 24 वर्ष, निवासी छायन, थाना राणापुर, हाल सिद्धेश्वर कॉलोनी झाबुआ मृतक बालक का सगा रिश्तेदार निकला है। वह घायल दादी रमीलाबाई का भांजा (बहन का बेटा) है। उसके साथी चिराग नायक उम्र 23 वर्ष, निवासी कोदली को भी गिरफ्तार किया गया है।

लूट का था मकसद

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे महंगे शौक और ऐशो-आराम की पूर्ति के लिए पैसे की तंगी में थे। इसी वजह से उन्होंने मौसी रमीलाबाई के घर लूट की साजिश रची थी। आरोपी जितेंद्र को घर की जानकारी थी, इसलिए वह चिराग के साथ पहुंचा। हमले के बाद उन्होंने दादी के कानों से सोने के टॉप्स, अंगूठी और चेन लूट ली।

घटना के बाद जितेंद्र गांव में ही रहा, परिवार के साथ सहानुभूति जताता रहा और अंतिम संस्कार की तैयारी में भी शामिल था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक संहिता की धाराओं (103(1), 109(1) आदि) के तहत मामला दर्ज किया। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और जांच के आधार पर जितेंद्र को भोपाल से और चिराग को स्थानीय स्तर पर गिरफ्तार किया गया।

एसपी देवेंद्र पाटीदार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पुलिस की सूझबूझ और तेज कार्रवाई से एक सप्ताह के अंदर मामले का खुलासा हो सका है। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी और आक्रोश का विषय बनी हुई है। रिश्तेदार द्वारा ही इतनी निर्मम घटना को अंजाम देना स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख गया है।

Next Post

​1912 की शिकायत से लेकर स्मार्ट मीटर के लाइव डेमो तक... जानें इटारसी के बिजली शिविर में क्या-क्या हुआ

Wed May 20 , 2026
इटारसी। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए ‘संपर्क अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न स्थानों सहित पुरानी इटारसी के वार्ड क्रमांक 9 के अंतर्गत आने वाले पशुपति धाम मंदिर परिसर […]

You May Like