अहमदाबाद, 21 मई (वार्ता) साई सुदर्शन (84), कप्तान शुभमन गिल (64) और जॉस बटलर (नाबाद 57) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत गुजरात टाइटंस ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 66वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ चार विकेट पर 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
आज यहां चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस के लिए शुभमन गिल और साई सुदर्शन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 125 रन जोड़कर अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। 13वें ओवर में स्पेंसर जॉनसन ने शुभमन गिल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। शुभमन गिल ने 37 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 65 रनों की पारी खेली।
19वें ओवर की दूसरी गेंद पर अंशुल कम्बोज ने साई सुदर्शन को बाउंड्री पर कैच आउट कराया। साई सुदर्शन ने 53 गेंदों में सात चौके और चार छक्के लागते हुए 84 रन बनाये। इसी ओवर की अगली गेंद पर राहुल तेवतिया बिना खाता खोले ही रनआउट हो गये। पारी की आखिरी गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर (सात) रन विकेटकीपर के हाथों कैच आउट हुये। गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जॉस बटलर ने 27 गेंदों में पांच चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 57 रन बनाये।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मुकेश चौधरी, स्पेंसर जॉनसन और अंशुल कम्बोज ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।