
इटारसी। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए ‘संपर्क अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न स्थानों सहित पुरानी इटारसी के वार्ड क्रमांक 9 के अंतर्गत आने वाले पशुपति धाम मंदिर परिसर में दूसरे एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
आज सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में नर्मदापुरम जिले से आए वरिष्ठ अधिकारी ए.के. सिंगार और डीजीएम संदीप पांडे की विशेष मौजूदगी में बिजली विभाग की टीम ने उपभोक्ताओं की शिकायतें लिखित रूप में दर्ज कीं।
इन प्रमुख समस्याओं पर दर्ज हुईं शिकायतें
शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थीं।
अत्यधिक बिजली बिल: उम्मीद से अधिक राशि के बिल आने की शिकायतें।
कनेक्शन और मीटर: नए बिजली कनेक्शन, साधारण व स्मार्ट मीटर की प्रक्रिया।
बीपीएल परिवारों को राहत: बीपीएल कार्ड धारकों के लिए ₹5 में बिजली कनेक्शन योजना की जानकारी और शिकायतें।
कृषि एवं घरेलू कनेक्शन: घरेलू और कृषि कार्य हेतु बिजली उपलब्धता से जुड़ी समस्याएं।
टोल-फ्री नंबर (1912) की शिकायत
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि टोल-फ्री नंबर 1912 पर ड्यूटी ऑपरेटरों द्वारा कई बार शिकायतों को गंभीरता से नहीं सुना जाता है।
डेमो के जरिए दूर किया स्मार्ट मीटर का भ्रम
शिविर की एक मुख्य विशेषता यह रही कि विद्युत वितरण कंपनी के तकनीकी स्टाफ ने साधारण मीटर और स्मार्ट मीटर के बीच के अंतर को लाइव डेमो के माध्यम से उपभोक्ताओं को समझाया। अधिकारियों ने स्मार्ट मीटर को बिजली और पैसे की बचत के लिए उपयोगी बताते हुए नागरिकों से इसे लगवाने की अपील की।
वरिष्ठ अधिकारियों का आश्वासन
संपर्क अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की लंबित शिकायतों का समय रहते समाधान करना है। इस शिविर में आईं सभी लिखित शिकायतों की जांच कर उनका जल्द से जल्द निराकरण किया जाएगा। आगामी दिनों में भी अलग-अलग तारीखों पर ऐसे शिविरों का आयोजन जारी रहेगा।
संदीप पांडे, डीजीएम, विद्युत वितरण कंपनी
