गुना:मध्य प्रदेश के गुना जिले के बीनागंज में हाईवे पर तेल से भरा टैंकर पलटने के बाद ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। टैंकर के पलटते ही सड़क पर तेल फैलने लगा और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने टैंकर से बह रहे तेल को रिफाइंड ऑयल समझ लिया और बाल्टी, डिब्बे व अन्य बर्तन लेकर तेल भरने लगे। देखते ही देखते कई लोग टैंकर से तेल ले जाते नजर आए।
बाद में सामने आया कि टैंकर में रिफाइंड ऑयल नहीं, बल्कि तारपीन का तेल भरा हुआ था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के टैंकर के पास पहुंचने से सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना का पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
