
रीवा, रीवा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर चौकी के मोहरबा गांव में चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। चोरों ने घर में रखे करीब 80 हजार रुपये कीमत के खाद्यान्न पर हाथ साफ किया और चोरी के बाद घर में आग लगा दी। पीड़ित परिवार ने अपने ही एक रिश्तेदार पर चोरी का संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक, मोहरबा गांव निवासी राम यश साहू के घर में 15 बोरी गेहूं, 2 बोरी चना, 3 बोरी अरहर और 2 बोरी राई रखी हुई थी। आरोप है कि अभिषेक नाम के व्यक्ति ने घर से खाद्यान्न चोरी किया और इसके बाद मकान में आग लगा दी।पीड़ित राम यश साहू ने बताया कि वह रीवा के बोदा रोड पर कृष्णा पैथोलॉजी नाम से लैब संचालित करते हैं, जबकि उनका पैतृक घर मोहरबा गांव में है। घटना के बाद उन्होंने शाहपुर चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उनके परिवार का रिश्तेदार है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2017 में भी उनके घर में चोरी की घटना हुई थी।बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति पर चोरी का आरोप लगाया गया है, वह नजदीकी रिश्तेदार हैं। फिलहाल शाहपुर चौकी पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही चोरी और आगजनी की घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
