उज्जैन: आज महाशिवरात्रि का पावन पर्व है. विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के मंदिर में देश-विदेश से आज लाखों श्रद्धालु उमड़ेंगे, जिला प्रशासन, मंदिर प्रशासन ने 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर पूरे मंदिर परिसर में तैयारीया की है. सभी प्रकार के प्रोटोकॉल बंद कर दिए गए हैं. सिर्फ शीघ्र दर्शन टिकट और सामान्य दर्शन से ही बाबा महाकाल के दर्शन होंगे.
बारह ज्योतिर्लिंगों में एकमात्र दक्षिणमुखी ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा. लड्डू प्रसाद के लिए काउंटरों की संख्या बढ़ाई गई है. ऑनलाइन बुकिंग भी होटल की जारी है उज्जैन में शिवरात्रि के पहले से ही तीन लाख श्रद्धालु पहुंच गए हैं, होमस्टे धर्मशाला सब हाउसफुल है.
अफसरों ने झोंकी की ताकत
उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक से लेकर एसपी प्रदीप शर्मा और संभाग आयुक्त आशीष सिंह से लेकर नवागत आईजी राकेश गुप्ता ने ताकत झोंक दी है. लगातार तीन दिनों से महाकाल मंदिर परिसर की मॉनीटरिंग की जा रही है. सुलभ दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा जांची गई है. डॉग स्कॉड और बीडीएस की टीम भी लगातार मंदिर परिसर में अवलोकन कर जांच कर रही है.
आकर्षक रंगोली और पुष्प सज्जा
मंदिर परिसर को भव्य पुष्प सज्जा और आकर्षक रंगोली से अलंकृत किया गया है. गर्भगृह, नंदी मंडपम्, गणेश मंडपम्, कार्तिक मंडपम्, पालकी हॉल, अभिषेक स्थल एवं प्रथम तल के आसपास विशेष पुष्प सज्जा की गई है. मंदिर के विभिन्न हिस्सों में आकर्षक रंगोलियाँ बनाई गई हैं, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक सौंदर्य से आलोकित हो उठा है.
44 घंटे तक सतत दर्शन
महाशिवरात्रि महापर्व पर भगवान महाकाल के पट लगभग 44 घंटे तक दर्शनार्थ खुले रहेंगे. 15 फरवरी की प्रातः 2.30 बजे मंगल पट खुलें और भस्म आरती संपन्न हुई. इसके बाद दद्योदक आरती, भोग आरती एवं विभिन्न शासकीय पूजन-अभिषेक संपन्न होंगे. सायंकाल विशेष पूजन के बाद नित्य संध्या आरती होगी.
एकादशी रूद्र पाठ और अभिषेक
शनिवार की रात्रि 10.30 बजे से सम्पूर्ण रात्रि तक महाअभिषेक पूजन प्रारंभ हुआ, जिसमें 11 ब्राह्मणों द्वारा एकादश रुद्रपाठ के साथ अभिषेक किया गया, पंचामृत, गंगाजल, केसर मिश्रित दूध, भांग एवं विविध फलों के रस से अभिषेक के पश्चात भगवान का दिव्य श्रृंगार हुआ, चंद्र मुकुट, त्रिपुंड, छत्र एवं पुष्प मुकुट (सेहरा) से अलंकृत कर आरती की गई. आज दिन भर बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे श्रद्धालु.
दिन में होगी भस्म आरती
16 फरवरी को विशेष भस्म आरती एवं भोग आरती के साथ शिवनवरात्रि का पारायण होगा. वर्ष भर में शिवरात्रि के अगले दिन ही एक मात्र ऐसा दिन होता है जब भस्मआरती रात्रि की बजाय दिन में होती है. भगवान को चढ़ाए जाने वाला सेहरा भक्तों में बांटा जाएगा. इसके पश्चात पंचमुखारविन्द के दुर्लभ दर्शन के साथ महापर्व का समापन होगा.
सुलभ दर्शन और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
महाशिवरात्रि पर संभावित विशाल श्रद्धालु संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं. दर्शन व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने हेतु विशेष प्रवेश एवं निकास मार्ग निर्धारित किए गए हैं. सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी एवं चिकित्सा सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं.
बस से विशेष दर्शन व्यवस्था
15 फरवरी को मीडिया प्रतिनिधियों के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था की गई है. दोपहर 2 बजे से प्रेस क्लब उज्जैन, ग्रैंड होटल उज्जैन और मन्नत गार्डन पार्किंग से बस सुविधा उपलब्ध रहेगी. श्रद्धालुओं को भी निशुल्क बस के माध्यम से यात्रा कराई जाएगी. हरी फाटक स्मार्ट पार्किंग से लगाकर कर्कराज पार्किंग चार धाम तक यात्रियों को लाने ले जाने में 10 बसे संलग्न रहेगी. कर्कराज पार्किंग से ही श्रद्धालुओं को महाकाल मंदिर में प्रवेश करने की व्यवस्था रखी गई है
