
बालाघाट। मध्यप्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा बालाघाट के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह 13 जून 2026 को एक दिवसीय प्रवास पर बालाघाट आएंगे। वे शनिवार को दोपहर 12:30 बजे बालाघाट-कटंगी सेक्शन में गर्रा स्थित रेलवे क्रॉसिंग बीके-9 के पास बने नए रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे।
लोकार्पण के साथ ही 13 जून को दोपहर 12 बजे से रेलवे की मानवयुक्त लेवल क्रॉसिंग बीके-09 को स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद बालाघाट-गर्रा और वारासिवनी मार्ग के सभी छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन नए ROB से शुरू हो जाएगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, गोंदिया के सेक्शन इंजीनियर ने इसकी सूचना जारी की है।
नए ओवरब्रिज से वैनगंगा नदी पुल के पहले लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद होने से लगने वाली लंबी कतारें अब खत्म हो जाएंगी। निर्माण के दौरान डेंजर रोड से डायवर्ट बस, ट्रक और भारी वाहन अब सीधे ROB से शहर में आ-जा सकेंगे। इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह लोकार्पण के बाद दोपहर 1:30 बजे जिला चिकित्सालय में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के शिविर में शामिल होंगे। दोपहर 2 बजे सर्किट हाउस पहुंचकर 3 बजे जिला अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे। शाम 3:30 बजे जिला भाजपा कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से भेंट के बाद 4:30 बजे अपने ग्राम के लिए रवाना होंगे।
स्थानीय लोगों ने ROB शुरू होने के फैसले का स्वागत किया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से 13 जून दोपहर 12 बजे के बाद पुराने फाटक मार्ग का उपयोग न करने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की है।
