
मुंबई, 08 सितंबर (वार्ता) सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की देश की सबसे बड़ी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को ओडिशा सरकार से ओडिशा स्टेट वर्कफ्लो ऑटोमेशन सिस्टम (ओएसडब्ल्यूएएस 3.0) के अगले चरण को लागू करने के लिए 122.6 करोड़ रुपये का ठेका मिला है। इसके साथ ही ओडिशा सरकार के साथ टीसीएस का सहयोग लगभग छह साल बढ़ गया है। टीसीएस डिजिबोलटीटीएम द्वारा समर्थित यह प्लेटफॉर्म का कार्यप्रवाह ऑटोमेशन, इंटीग्रेशन, एनालिटिक्स, सिक्योरिटी और एआई युक्त क्षमताओं को एक कॉमन डिजिटल फाउंडेशन पर जोड़ेगा।
फाइल के डिजिटल मूवमेंट, इलेक्ट्रॉनिक अप्रूवल, रियल-टाइम ट्रैकिंग और रिकॉर्ड तक आसान पहुंच को संभव बनाकर ओएसडब्ल्यूएएस सरकारी अधिकारियों को ज्यादा अच्छे से काम करने में मदद कर रहा है। साल 2009 में ओएसडब्ल्यूएएस 1.0 लागू किया गया था। यह सिस्टम पूरे राज्य में 4,600 से अधिक सरकारी कार्यालयों और लगभग 50 हजार यूजर को सपोर्ट करता है। टीसीएस के भारतीय कारोबार के लोक सेवा प्रमुख सुशील जैन ने कहा, “ओडिशा शासन को अधिक कुशल और पारदर्शी बनाने के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करने में सबसे आगे रहा है। ओएसडब्ल्यूएएस 3.0 इस मजबूत डिजिटल नींव पर एक ज़्यादा सुरक्षित, भविष्य में विस्तार योग्य और मोबाइल-फर्स्ट प्लेटफॉर्म के साथ बनेगा। यह अधिकारियों को अधिक गति और पारदर्शिता के साथ काम करने, जवाबदेही को मजबूत करने और पूरे राज्य में अधिक कनेक्टेड और त्वरित प्रतिक्रिया देने वाले प्रशासन को संभव बनाने में मददगार होगा।”
कंपनी ने कहा है कि ओएसडब्ल्यूएएस 3.0 का ठेका हासिल करना राज्य सरकारों को प्रौद्योगिकी के जरिये लोक प्रशासन को आधुनिक बनाने में मदद करने के उसके मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड को और मजबूत करता है। हालांकि हर समाधान राज्य की जरूरतों के हिसाब से बनाया गया है लेकिन इसका अंदरूनी प्लेटफॉर्म एआई क्षमताएं के साथ कार्यप्रवाह को जोड़ता है, जिससे सरकारों को नयी क्षमता जोड़ने का विकल्प मिलता है।
