
इंदौर. जीआरपी की तत्परता से ट्रेन में छूटा करीब 30 हजार रुपए का एप्पल आईपैड खोजकर यात्री को सुरक्षित लौटा दिया. कार्रवाई के बाद यात्री ने पुलिस टीम का आभार जताया.
जानकारी के अनुसार हरियाणा निवासी डॉ. सुनील नई दिल्ली–इंदौर एक्सप्रेस (20958) के कोच बी/5, बर्थ नंबर 51 पर सफर कर रहे थे. यात्रा के दौरान वे अपना एप्पल कंपनी का आईपैड ट्रेन में ही भूलकर उतर गए. कुछ समय बाद ध्यान आने पर उन्होंने तत्काल जीआरपी थाना इंदौर में सूचना दी. सूचना मिलते ही जीआरपी टीम ने बिना देर किए संबंधित कोच में सघन तलाशी अभियान चलाया. पुलिसकर्मियों की सतर्कता के चलते आईपैड सुरक्षित हालत में बरामद कर लिया. इसके बाद आवेदक को सूचना देकर थाना बुलाया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आईपैड उन्हें सौंप दिया. अपना कीमती सामान वापस मिलने पर डॉ. सुनील ने जीआरपी इंदौर की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया. इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राजीव त्रिपाठी एवं आरक्षक आकाश यादव की अहम भूमिका रही.
