
सौसर। नगर परिषद लोधीखेड़ा के नवनिर्मित भवन के सेप्टिक टैंक के भीतर एक प्लंबर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान छिंदवाड़ा निवासी खालिद के रूप में हुई है, जो यहाँ प्लंबिंग का कार्य कर रहा था। घटना गुरुवार की बताई जा रही है, जिसका खुलासा शुक्रवार को हुआ। प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कार्य के दौरान करंट लगने से युवक की मौत हुई है।
परिजनों के फोन और मोबाइल लोकेशन से चला पता
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को जब खालिद का अपने परिजनों से संपर्क नहीं हो पाया, तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों द्वारा बार-बार फोन किए जाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जब खालिद के मोबाइल की लोकेशन खंगाली, तो वह लोधीखेड़ा नगर परिषद भवन के पास मिली। शुक्रवार को पुलिस और परिजन जब मौके पर पहुंचे, तो नवनिर्मित भवन के सेप्टिक टैंक के अंदर खालिद का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ।
*परिजनों ने लगाया लापरवाही का गंभीर आरोप*
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हादसे के लिए सीधे तौर पर नगर परिषद प्रशासन और निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों का आरोप है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे और घोर लापरवाही के कारण ही खालिद को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मर्ग कायम, जांच में जुटी पुलिस
लोधीखेड़ा टीआई एबी मर्सकोले ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि,पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को सेप्टिक टैंक से बाहर निकाला। मर्ग पंचनामा की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पीएम के लिए सौसर के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। बहरहाल पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
