
भोपाल। मिसरोद थाना इलाके में एक किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना का खुलासा तब हुआ जब किशोरी ने एक नवजात को जन्म दिया. बच्चे के जन्म लेने के बाद किशोरी के साथ करीब 8 महीने पहले हुए दुष्कर्म का राज भी खुला. मामले को संज्ञान में लेते हुए मिसरोद थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय किशोरी बीते एक मार्च को ट्रेन से भोपाल पहुंची थी. यहां से रायसेन जाने के लिए वह एक ई-रिक्शा में सवार हो गई थी. रास्ते में बातचीत के दौरान ई-रिक्शा चालक ने मिसरोद इलाके में किशोरी को बेहाश कर दिया था और मौका पाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया.
गर्भावस्था में किशोरी को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अस्पताल प्रबंधन की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई. डाक्टरों की निगरानी में किशोरी की सफल डिलीवरी कराई गई. मौके पर पहुंची पुलिस को पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी दी. किशोरी के बयान के आधार पर मिसरोद थाना पुलिस आरोपी रिक्शा चालक की तलाश में जुट गई है. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर लिया है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता रायसेन जिले में रहते हैं. गंजबसौदा में ही वह अपने नाना-नानी के पास रहती है. माता-पिता से मिलने के लिए वह उस दिन भोपाल आई थी और यहां से रायसेन के लिए रवाना हुई थी. पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस तकनीकी आधार पर आरोपी के बारे में जानकारी जुटा रही है.
