
मुरैना। माता बसैया थाना इलाके के ग्राम रसीलपुर में 7 वर्षीय बालक राज अचानक लापता हो गया। परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से कमजोर है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। परिजनों ने बताया कि राज अपनी दादी के साथ घर के बाहर खेल रहा था। दादी नल से पानी भरने गयी और वापिस लौटकर देखा तो राज वहां पर नहीं था। परिजन और गांव वाले आस-पास की झाडि़यों, रास्तों और आसपास के इलाके में तलाशते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला और इसके बाद थाने पहुंचकर घटना की खबर दी गयी। ़
*ऑपरेशन मुस्कान के तहत सर्च ऑपरेशन शुरू*
सूचना मिलने के बाद माता बसैया थाना पुलिस ने तत्काल ऑपरेशन मुस्कान के तहत राज की तलाश शुरू कर दी। पुलिस स्निफर डॉग की सहायता से आसपास के खेतों में तलाश कर रही है। तालाबों और जल भराव इलाकों की जांच के बाद एनडीआरएफ की टीम की तैनाती की गयी है। हालांकि सोमवार शाम तक राज का कोई सुराग नहीं मिला है। माता बसैया थाना प्रभारी जयपाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मासूम की तलाश कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी का राज या उसकी कोई जानकारी मिले तो तत्काल संपर्क करें।
