नयी दिल्ली, 19 फरवरी (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने खुद को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) का अधिकारी बताकर लोगों को ठगने वाले जम्मू-कश्मीर के एक युवक को लाल किले के पास गिरफ्तार किया है। आरोपी के साथ एक नाबालिग लड़का भी मिला।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को कोतवाली थाना क्षेत्र की गश्ती टीम ने लाल किले के पीछे ‘दिल्ली चलो पार्क’ के पास संदिग्ध हालत में खड़ी काले रंग की
हुंडई सैंट्रो कार को देखा। जांच के दौरान वाहन में दो लोग मिले, जिनमें एक की पहचान जम्मू-कश्मीर के पुलवामा निवासी मुदस्सिर के रूप में हुई। उसके साथ एक नाबालिग भी था।
पूछताछ के दौरान मुदस्सिर ने खुद को एनआईए अधिकारी बताते हुए एक पहचान पत्र दिखाया, लेकिन वह प्रथम दृष्टया संदिग्ध लगा। दोनों को आगे की पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर कश्मीर में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निशाना बनाता था और दिल्ली में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे वसूलता था।
इस मामले में भी उसने नाबालिग के परिवार को नौकरी का आश्वासन देकर अग्रिम राशि ली और 12 फरवरी को कश्मीर से उसे दिल्ली लेकर आया। दोनों अगली रात राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे और जामा मस्जिद क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस में ठहरे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास नौकरी संबंधी दावों के समर्थन में कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। स्पेशल सेल, इंटेलिजेंस ब्यूरो और संबंधित एजेंसी के साथ समन्वित पूछताछ में यह पुष्टि हुई कि पहचान पत्र जाली था।
मामले में कोतवाली थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 419(2) और 420 के तहत प्रतिरूपण कर धोखाधड़ी तथा जाली दस्तावेज रखने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। मामले की आगे की जांच जारी है।
