कोलंबो, 19 फरवरी (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया को हराने वाले जिम्बाब्वे ने अपना जबर्दस्त प्रदर्शन जारी रखते हुए आज श्रीलंका का भी शिकार कर लिया और टी-20 विश्वकप के ग्रुप बी में शीर्ष पर पहुंच गया।
ब्लेसिंग मुजारबानी, ब्रैड एवंस और ग्रीम क्रेमर (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद ब्रायन बेनेट ( नाबाद 63 ) कप्तान सिकंदर रजा (45 ) की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत जिम्बाब्वे ने गुरुवार को टी-20 विश्वकप 38वें मुकाबले में श्रीलंका को तीन गेंदे शेष रहते छह विकेट से मात दे दी। जिम्बाब्वे के इस जीत के बाद सात अंक हो गये है और वह ग्रुप बी में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। श्रीलंका छह अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। दोनों टीमों ने सुपर आठ में जगह बना ली है।
179 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट और तडिवनाशे मारुमानी की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 69 रन जोड़े। नौवें ओवर में दुनित वेल्लालगे ने तडिवनाशे मारुमानी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। तडिवनाशे मारुमानी ने 26 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए 34 रन बनाये। 12वें ओवर में दसून शानका ने रायन बर्ल 12 गेंदों में 23 रन को आउट कर श्रीलंका को दूसरी सफलता दिलाई। जिम्बाब्वे का तीसरा विकेट सिकंदर रजा के रूप में 19वें ओवर में गिरा। सिकंदर रजा ने 26 गेंदों में चार छक्के और दो चौके लगाते हुए 45 रनों की पारी खेली। इसी ओवर में दुशान हेमंता ने ताशिंगा मुसेकिवा (एक) को आउट कर अपना दूसरा विकेट झटका। लेकिन टोनी मुनयोंगा ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का और ब्रायन ने तीसरी गेंद पर चौका मारकर टूर्नामेंट का एक और बड़ा उलटफेर कर दिया। जिम्बाब्वे ने 19.3 ओवरों में चार विकेट पर 182 रन बनाये। ब्रायन बेनेट ने 48 गेंदों पर नाबाद 63 रन में आठ चौके लगाये। सिकंदर रजा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।
इससे पहले आज यहां श्रीलंका ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 178 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। पथुम निसंका और कुसल परेरा की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 54 रन जोड़े। पांचवें ओवर में ब्लेसिंग मुजारबानी ने कुसल परेरा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कुसल परेरा ने 14 गेंदों में 22 रन बनाये। इसके बाद कुसल मेंडिस ने पथुम निसंका के साथ दूसरे विकेट लिये 46 रन जोड़े। 13वें ओवर में रायन बर्ल ने कुसल मेंडिस (14) को आउट कर श्रीलंका को दूसरा झटका दिया। अगले ही ओवर में ग्रीम क्रेमर ने पथुम निसंका का शिकार कर लिया। पथुम निसंका ने 41 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 62 रन बनाये। पवन रत्नायके ने 25 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए 44 रनों की पारी खेली। दुनित वेल्लालगे 15 रन बनाकर नाबाद रहे।
जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजारबानी, ब्रैड एवंस और ग्रीम क्रेमर ने दो-दो विकेट लिये। रायन बर्ल ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
