वेलावन सेंथिलकुमार ने जीता बुडापेस्ट ओपन 2026 स्क्वैश खिताब

हंगरी, 29 अगस्त (वार्ता) भारत के वेलावन सेंथिलकुमार ने बुडापेस्ट ओपन 2026 के फाइनल में हंगरी के नंबर 1 बालाज़ फार्कस को सीधे गेम में हराकर अपना पहला पीएसए कॉपर-लेवल स्क्वैश खिताब जीता। शुक्रवार को खेले गये मुकाबले में दुनिया के नंबर 54 खिलाड़ी और आठवीं वरीयता प्राप्त सेंथिलकुमार ने खिताबी मुकाबले में नौवीं वरीयता प्राप्त फार्कस को 11-4, 11-2, 11-3 से हराकर हंगरी की राजधानी में एक शानदार सप्ताह का समापन किया।

पीएसए टूर पर सेंथिलकुमार और फार्कस के बीच यह तीसरा मुकाबला था, जिसमें अब भारतीय खिलाड़ी हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में 2-1 से आगे है। 2019 में अपनी पहली मुलाकात में फार्कस की जीत के बाद, सेंथिलकुमार ने 2024 में पिछला मुकाबला जीता था। वेलावन सेंथिलकुमार के लिए इस सप्ताह का सबसे बड़ा नतीजा क्वार्टर फाइनल में आया, जब उन्होंने मलेशिया के दुनिया के नंबर 18 और शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ईन यो एनजी को सीधे गेम में चौंका दिया। भारतीय खिलाड़ी ने मौजूदा एशियाई खेलों के चैंपियन पर 11-2, 11-9, 11-8 से शानदार जीत दर्ज की, जो उनके करियर की सबसे बड़ी जीतों में से एक रही।

सेंथिलकुमार ने इंग्लैंड के विल साल्टर को 11-9, 11-6, 11-5 से सीधे गेम में हराकर बुडापेस्ट ओपन में अपने अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद 28 वर्षीय भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी ने दूसरे दौर में जर्मनी के पांचवीं वरीयता प्राप्त राफेल कांड्रा को 11-9, 6-11, 11-7, 11-2 से हराकर एनजी के साथ अपना मुकाबला तय किया। मलेशियाई शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी को हराने के बाद, सेंथिलकुमार का सामना सेमीफ़ाइनल में अपने ही देश के और तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी वीर चोटरानी से हुआ।
पूरी तरह से भारतीयों के बीच हुआ यह मुकाबला टूर्नामेंट का उनका सबसे कठिन मैच साबित हुआ।

पहला गेम हारने के बाद सेंथिलकुमार ने वापसी की और अंततः पांच गेम में 9-11, 11-8, 11-7, 1-11, 12-10 से जीत हासिल कर फ़ाइनल में जगह बनाई। इसके बाद उन्हें फार्कास को हराने और अपना 11वां पीएसए स्क्वैश टूर खिताब जीतने के लिए सिर्फ़ तीन गेम की ज़रूरत पड़ी। ह जीत आइची-नागोया में होने वाले 2026 एशियाई खेलों से पहले मिली है, जहां सेंथिलकुमार के पास पुरुष एकल स्पर्धा में बेहतर प्रदर्शन करने का एक अतिरिक्त प्रोत्साहन होगा। स्क्वैश लॉए एंजिल्स 2028 में ओलंपिक में डेब्यू करेगा, और 2026 एशियाई खेलों के पुरुष और महिला एकल चैंपियन ओलंपिक के लिए क्वालिफ़िकेशन हासिल करेंगे।

.....

Next Post

भुजरिया पर्व पर नवयुवक बजरंग अखाड़े के पहलवानों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

Sat Aug 29 , 2026
मुलताई: पवित्र नगरी मुलताई में भुजरिया पर्व पर शनिवार को नवयुवक जय बजरंग अखाड़ा साहू समाज समिति के पहलवानों ने गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली और हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया। अखाड़े के साथ समाज की महिलाएं सिर पर भुजलिया लेकर शामिल हुईं। शोभायात्रा के दौरान पहलवानों ने विभिन्न करतब […]

You May Like

मनोरंजन