मुलताई: पवित्र नगरी मुलताई में भुजरिया पर्व पर शनिवार को नवयुवक जय बजरंग अखाड़ा साहू समाज समिति के पहलवानों ने गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली और हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया। अखाड़े के साथ समाज की महिलाएं सिर पर भुजलिया लेकर शामिल हुईं। शोभायात्रा के दौरान पहलवानों ने विभिन्न करतब दिखाकर शक्ति प्रदर्शन के साथ सामाजिक एकता का संदेश दिया।
अखाड़े के बुजुर्ग पहलवानों ने बताया कि आजादी के उपलक्ष्य में वर्ष 1947 में शुरू हुए प्राचीन नवयुवक बजरंग अखाड़े की परंपरा के तहत नागपंचमी पर्व पर विधि-विधान से शस्त्र पूजन के बाद अखाड़े का अभ्यास शुरू किया जाता है। इस वर्ष भी पहलवानों ने नियमित अभ्यास किया और भुजरिया पर्व पर प्रदर्शन किया।
पहलवानों ने शरीर के ऊपर से भारी बाइक उठाने, नुकीली कीलों पर लेटकर छाती के ऊपर से मोटरसाइकिल गुजारने, सिर पर ट्यूबलाइट फोड़ने, शरीर पर करीब एक क्विंटल का पत्थर रखकर तोड़ने, आग के बीच से निकलने, तलवारबाजी, लाठी-भाला घुमाने, भारी वाहन खींचने, टाइल्स और नारियल हाथों से फोड़ने सहित कई करतब दिखाए। प्रदर्शन देखने के लिए नगर में जगह-जगह बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए।
