
भोपाल। अरेरा कॉलोनी के रहवासियों ने अवैध रूप से संचालित हो रही शराब दुकान के खिलाफ राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में पुनः याचिका दायर की है। रहवासियों ने आबकारी विभाग पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए उक्त दुकान को तत्काल बंद करने की मांग की है।
रहवासियों के अनुसार आर्य समाज मंदिर के पास एक आवासीय भूखंड में यह शराब दुकान संचालित की जा रही है, जो धार्मिक स्थल से 50 मीटर के भीतर तथा एक अस्पताल के समीप स्थित है, जिससे निर्धारित नियमों का उल्लंघन हो रहा है।
आरोप है कि न्यायालय और आयोग के निर्देशों के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे प्रशासनिक उदासीनता और पक्षपात की आशंका जताई जा रही है।
कांग्रेस नेता विवेक त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि अधिकारी शराब कारोबारियों के दबाव में कार्य कर रहे हैं। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
