ओडिया फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर संगीतकार अभिजीत मजूमदार का 54 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे और भुवनेश्वर एम्स में उनका इलाज चल रहा था।
ओडिया फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने संगीतकार और म्यूजिक डायरेक्टर अभिजीत मजूमदार का रविवार को निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे। लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे अभिजीत मजूमदार ने भुवनेश्वर स्थित एम्स में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही ओडिया सिनेमा और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों, गायकों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मिली जानकारी के अनुसार, अभिजीत मजूमदार पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज एम्स भुवनेश्वर में चल रहा था। शनिवार देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। मेडिकल रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह हाइपरटेंशन, हाइपोथायरायडिज्म और क्रॉनिक लिवर डिजीज जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थे, जिसकी वजह से उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी।
