भारत-ऑस्ट्रेलिया ने व्यावसायिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए किया समझौता

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (वार्ता) कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीईटी) और ऑस्ट्रेलियाई कौशल गुणवत्ता प्राधिकरण (एएसक्यूए) ने तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण (टीवीईटी) में गुणवत्ता आश्वासन और नियामकीय सहयोग को मजबूत करने के लिए आशय पत्र (एलओआई) पर हस्ताक्षर किये हैं।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के महत्वपूर्ण परिणामों में एक और उपलब्धि जुड़ गयी है। इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यावसायिक शिक्षा प्रणाली को अधिक विश्वसनीय, पारदर्शी और वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाना है।

उन्होंने कहा कि समझौते के तहत दोनों संस्थाएं गुणवत्ता आश्वासन ढांचे, प्रत्यायन प्रक्रियाओं, नियामकीय प्रणाली, निगरानी तंत्र, क्षमता निर्माण, कर्मचारी आदान-प्रदान और संयुक्त कार्यशालाओं जैसे क्षेत्रों में सहयोग करेंगी। इसके अलावा योग्यता की पारस्परिक मान्यता, डिजिटल प्रमाणन, व्यावसायिक मानकों के समन्वय और श्रम बाजार से जुड़े अनुभवों के आदान-प्रदान की संभावनाओं पर भी मिलकर काम किया जायेगा।

एनसीवीईटी की अध्यक्ष देबाश्री मुखर्जी ने कहा कि यह साझेदारी व्यावसायिक शिक्षा में उत्कृष्टता के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से ज्ञान का आदान-प्रदान, संस्थागत क्षमता विकास और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे शिक्षार्थी-केंद्रित और वैश्विक स्तर पर मानकीकृत व्यावसायिक शिक्षा प्रणाली विकसित करने में मदद मिलेगी।

 

 

Next Post

कांग्रेस कबीलों के सरदारों से अलग अलग मिलने आ रहे हैं अजय

Wed Jul 15 , 2026
शाजापुर, चिंता इस बात की नहीं कि कबीले का क्या होगा, फिक्र तो इसकी है कि सरदार कौन होगा… गुटों और कबीलों में बटी कांग्रेस की गुटबाजी का अनुपम उदाहरण एक बार फिर पूर्व मंत्री अजय सिंह के दौरे पर देखने को मिल गया है. कांग्रेस के कबीलों के अलग-अलग […]

You May Like