दरभंगा, 19 फरवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने गुरुवार को कहा है कि भारत में घुसपैठिये के रूप रह रहे बांग्लादेशियों को अपने वतन वापस लौट जाना चाहिए।
श्री हुसैन ने आज स्थानीय परिषदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में बंगाल और असम में बांग्लादेशियों को दिक्कत होने वाली है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की गरीबी रेखा से नीचे जीवन बसर करने वाले लोगों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ सिर्फ भारतीयों को मिलना चाहिए । उन्होंने कहा कि बड़ी तादाद में घुसपैठिये के रूप में भारत में रह रहे बांग्लादेशी ऐसी योजनाओं का लाभ उठा लेते हैं,जिससे भारतीय नागरिकों को उनका फायदा नही मिल पाता है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि भारत में रह रहे बांग्लादेशियों को स्वतः अपने वतन वापस लौट जाना चाहिए।
श्री हुसैन ने गरीबों को दिए जा रहे हैं अनाज पर आज आई सर्वोच्च न्यायलय की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते कहा कि भारत एक गरीब राज्य है और सरकार को यहां के गरीबों की चिंता करनी होती है। उन्होंने कहा कि गरीब बहुत उम्मीद से सरकार चुनते हैं और सरकार को उनकी उम्मीद पर खड़ा उतरना होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार करदाताओं का ध्यान रखने के साथ उन लोगों की भी चिंता करती है जो जो गरीबी रेखा से नीचे जीवन बसर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो अनाज, बिजली और गैस की सुविधा मिलने से देश में गरीब लोगों की जिदगी में बहूत सुधार आया है।
