रेहटी। विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रोड़ निर्माण में शुक्ला कंपनी द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. निर्माण कार्य अभी पूर्ण भी नहीं हो पाया था कि उसकी वास्तविक स्थिति सामने आने लगी.
हाल ही में एक भारी-भरकम कंटेनर ट्रक नवनिर्मित नाली में धंस गया, जिससे निर्माण कार्य की मजबूती और गुणवत्ता को लेकर क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई है. नागरिकों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई है तथा विभागीय अधिकारियों द्वारा निगरानी नहीं की गई. ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपए की लागत की परियोजना शुरू से अनियमितता के आरोपों में घिरी रही है और अब कंटेनर धंसने की घटना ने वास्तविकता को उजागर कर दिया है.
ग्रामीणों के अनुसार यदि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप किया गया होता तो इस प्रकार की घटना सामने नहीं आती. लोगों का आरोप है कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से लेकर तकनीकी मानकों में लापरवाही बरती गई है, जिसके कारण अधूरा निर्माण कार्य समय से पहले ही जवाब देने लगा है. क्षेत्रवासियों ने शासन और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग कर दोषी अधिकारियों, ठेकेदारों और संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग की है. ग्रामीणों का कहना है यदि समय रहते जिम्मेदारों की जवाबदेही तय नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है.
