भाजपा सरकार महंगाई रोकने में विफल: अखिलेश

लखनऊ 11 मार्च (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि भाजपा सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह से विफल है और बढ़ी महंगाई के कारण लोगों का त्योहार फीका नज़र आ रहा है।

श्री यादव ने यहां जारी बयान में कहा कि भाजपा ने महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन सरकार ने कोई काम नहीं किया। इस सरकार ने मुनाफाखोरी को बढ़ावा दिया है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस, आटा, चावल, तेल, सूजी, खोया सब चीजों की कीमतें आसमान पर है। एक तरफ महंगाई शिखर पर है दूसरी तरफ लोगों के पास काम धंधा नहीं है।

उन्होने कहा कि होली के मौके पर पारंपरिक व्यंजनों में इस्तेमाल होने वाली चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। मनरेगा मजदूरों को महीनों से काम न मिलने से पैसा नहीं मिला है। बिना पैसे मजदूर अपनी होली कैसे मना पाएंगे। कई सरकारी विभागों में भी यही हालात है। कर्मचारियों के वेतन रूके हुए हैं। गरीब की कहीं भी सुनवाई नहीं है।

श्री यादव ने कहा कि बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों, शिक्षामित्रों का शोषण हो रहा है। महंगाई की मार बढ़ती गयी लेकिन उनका मानदेय नहीं बढ़ा। मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार को आम जनता की परेशानियों से कोई मतलब नहीं है। ये त्यौहार में भी नफरत की राजनीति कर रहे है। समाज में नफरत और आज अराजकता फैलाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं।

उन्होने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य में पहले से ही महंगाई है। आम जनता त्रस्त और परेशान है। लोगों के जेब में पैसे नहीं है। ऊपर से सरकार मुनाफाखोरी द्वारा उनकी जेब काटती जा रही है। महंगाई दोगुनी हो गई है जबकि आमदनी आधी रह गयी है। भाजपा सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह से फेल है। सरकार के पास महंगाई, बेरोजगारी को लेकर कोई नीति नहीं है। सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गई है।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा महंगाई बेरोजगारी से ध्यान हटाने के लिए नए-नए मुद्दों को उछाल कर जनता को उलझाना चाहती है। लेकिन प्रदेश की जनता भाजपा के षड्यंत्रकारी मंसूबों से वाकिफ है। जनता 2027 में इन्हें सत्ता से हटाकर इनकी नफरत की राजनीति का खात्मा कर देगी।

 

Next Post

त्योहारों पर भीड़ प्रबंधन में भारतीय रेलवे अपनाएगा महाकुम्भ के तरीके

Tue Mar 11 , 2025
लखनऊ 11 मार्च (वार्ता) महाकुम्भ में प्रयागराज रेल मण्डल के नौ स्टेशनों पर अपनाये गये क्राउड कंट्रोल के तरीकों को अब भारतीय रेल होली व अन्य प्रमुख त्योहारों पर देश के बड़े स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के लिए उपयोग में लाएगा। अधिकृत सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि होली के […]

You May Like