भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष डॉ. मुकेश नायक ने छिंदवाड़ा में जहरीले कफ सिरप से मासूम बच्चों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए राज्य सरकार पर लापरवाही और दोषियों को बचाने की साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलने वाली है।
डॉ. नायक ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की छिंदवाड़ा यात्रा को “सिर्फ़ राजनीतिक पर्यटन” करार देते हुए कहा कि सरकार के पास देने के लिए सिर्फ़ सहानुभूति है, समाधान नहीं।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने पहले तो क्लीन चिट दी कि बच्चों की मौत सिरप से नहीं हुई, लेकिन जांच रिपोर्ट आने के बाद खुद अपने बयान से पलट गए।”उन्होंने सरकार द्वारा बिना पोस्टमार्टम के मुआवजा देने के फैसले की निंदा की और कहा कि यह कदम असली दोषियों को बचाने के लिए उठाया गया। “अब जब जनदबाव बढ़ा, तो कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम किए जा रहे हैं, यह न केवल परिवारों का अपमान है बल्कि न्याय का भी मजाक है,” नायक ने कहा।
मुख्यमंत्री की असम यात्रा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, “जब प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा रही है, तब मुख्यमंत्री हाथियों के साथ पर्यटन कर रहे हैं। अस्पतालों में चूहे मरीजों को काट रहे हैं — इससे बड़ी प्रगति और क्या होगी?”भाजपा विधायक रमेश्वर शर्मा पर निशाना साधते हुए नायक ने पूछा, “जब आपकी ही सरकार में गौकशी बढ़ रही है तो आप चुप क्यों हैं? अगर सच में गौमाता की चिंता है तो गौमांस पर 0% जीएसटी क्यों रखा गया है?”
