भोपाल, 09 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में आज हुई मंत्रिपरिषद् की बैठक में बिजली कंपनियों में नई भर्तियां किए जाने और मूंग उपार्जन के लिए कोटा बढ़ाए जाने हेतु केंद्र सरकार से आग्रह किए जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने संवाददाताओं को बैठक के निर्णयों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ यादव के निर्देश पर 10 जुलाई को गुरुपूर्णिमा पर्व के मौके पर प्रदेश के सभी स्कूल और कॉलेज में गुरुपूर्णिमा उत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लुधियाना में मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों पर आयोजित इंटरैक्टिव सत्र में 15 हजार 606 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर मुख्यमंत्री डॉ यादव की 13 से 19 जुलाई तक दुबई और स्पेन की विदेश यात्रा प्रस्तावित है।
श्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा जनवरी 2024 में भोपाल में बीआरटीएस को हटाने का निर्णय लिया गया था, इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। दुर्घटनाओं में 51 प्रतिशत की कमी आई है। साथ ही हादसों के कारण होने वाली मौतें भी 70 फीसदी तक कम हो गई हैं।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश की तीन बिजली वितरण कंपनियों में 49 हजार 263 नवीन पत्र सृजित किए जाएंगे। इससे स्टाफ की कमी दूर होगी। इन पदों पर भर्ती भी की जाएगी। वर्तमान में चल रहे ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन का कोटा बढ़ाया जाएगा। इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखकर अनुरोध किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य को केंद्र सरकार से कैंपा फंड प्राप्त हुआ है, जिससे वन क्षेत्र के सुधार और विकास के कार्य किए जाएंगे।
