भोपाल। राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक कल रात आयोजित हुई, जिसमें सरकार और संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, और शिवप्रकाश के साथ अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में प्रदेश सरकार के कार्यों की समीक्षा की गई और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी प्रगति पर चर्चा हुई। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
आगामी नगरीय निकाय एवं अन्य चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने सेवा ही संगठन जैसे अभियानों को गति देने और आमजन के बीच सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विपक्ष के मुद्दों का जवाब देने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने की रूपरेखा भी तय की गई। बैठक को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए दिशा तय करने वाली अहम कड़ी माना जा रहा है।
