सवा करोड़ की लागत से बन रही अभिषेक नगर में सीमेंट-कांक्रीट की पक्की सडक़

इंदौर: शहर के वार्ड 51 स्थित उद्योग नगर के अभिषेक नगर की बदहाल मुख्य सडक़ का निर्माण अब लगभग 1.25 करोड़ की लागत से शुरू हो गया है. नवभारत द्वारा अक्टूबर में सडक़ के गड्ढों, मलबे और राहगीरों की परेशानी को प्रमुखता से उठाने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया. अब यहां सीमेंट कांक्रीट की पक्की सडक़ बनाई जा रही है. इससे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिली है.
दरअसल, वार्ड 51 (उद्योग नगर) के अंतर्गत अभिषेक नगर की मुख्य मार्ग पर गहरे गड्ढे और गिट्टी बिखरी हुई थी, जिससे चलना दूभर था. परेशान निवासियों ने सडक़ पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में अपने खर्च पर टूटे मकान का मलबा डाल रखा था, फिर भी मुख्य मार्ग से चलना आसान नहीं था. लेकिन, बरसात में तो स्थिति नारकीय हो जाती थी.

अक्टूबर माह में क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याएं नवभारत से साझा की थी. नवभारत द्वारा इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशन और लगातार फॉलोअप के बाद उच्च अधिकारियों ने समस्या को संज्ञान में लिया. आखिर यहां सवा करोड़ रुपए की लागत से कंक्रीट सडक़ का निर्माण कार्य शुरू हो गया है. यह कार्रवाई नगर निगम की अनदेखी के खिलाफ मीडिया की सक्रियता और जनहित के मुद्दों के समाधान का एक सफल उदाहरण है.

यह बोले रहवासी….

बरसों से जरजर हालत में पक्की सडक़ इतने जल्दी बनना शुरू हो जाएगी, ऐसा सोचा भी नहीं था. इससे रहवासियों की मुश्किलें खत्म हो जाएगी. खबर प्रकाशित करने के लिए नवभारत का धन्यवाद.
– राजवीर सिंह

बरसात में बड़े वाहनों का फंस जाना और दो पहिया वाहन चालकों का गिरना आम हो चला था. क्षेत्र को पक्की सडक़ की जरूरत थी, वह आज हमें मिल गई. हम बहुत खुश हैं.
– रामसुखलाल कुशवाहा

यह औद्योगिक क्षेत्र है. इस मार्ग से भारी वाहन भी गुजरते हैं. ऐसे में सडक़ पर बने सीवेज लाइन के चेंबर के ढक्कन टूटना आम बात हो जाएगी, जो दुर्घटना का कारण बनेंगे और पैसों का भी नुकसान होगा. इस बात को ध्यान में रखकर ही सडक़ बनाई जानी चाहिए.
– हरी ओझा

सवा करोड़ रुपए की लागत से प्रभु तोल कांटे से चौधरी पार्क तक की जो मुख्य सडक़ और गलियों में सडक़ का निर्माण किया जा रहा है, वह ढाई महीने में पूरा होगा.
– मलखान सिंह कटारिया

Next Post

ग्वालियर के नवीन करेंगे आईपीएल में कमेंट्री

Sat Mar 28 , 2026
ग्वालियर : 28 मार्च से 31 मई तक खेले जाने वाली विश्व की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आईपीएल के 19वें सीज़न में ग्वालियर के नवीन श्रीवास्तव हिंदी डिस्क्रिप्टिव कमेंट्री करेंगे. रेडियो शैली में बॉल टू बॉल होने वाली ऑडियो हिन्दी डिस्क्रिप्टिव कमेंट्री का उपयोग इंडियन साइन लैंग्वेज कमेंट्री के लिए […]

You May Like