
सीधी। जिले के सेमरिया थाना अंतर्गत ग्राम करौंदिया में आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव तालाब के किनारे संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान अरविंद पाण्डेय पिता संतोष प्रसाद पाण्डेय उम्र 39 वर्ष निवासी करौंदिया के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना फैलते ही लोगों का भारी हुजूम मौके पर जमा हो गया।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही सेमरिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उधर परिजनों का कहना था कि अरविन्द पाण्डेय बीती शाम घर से अचानक लापता हो गये थे, परिजन पूरी रात खोजबीन करते रहे लेकिन कोई पता नहीं चला। आज सुबह गांव वालों ने तालाब के पास शव देखा। परिजनों का कहना था कि मृतक के शरीर पर कई निशान दिखाई दे रहे हैं जिससे हत्या की आशंका है। सेमरिया पुलिस द्वारा पंचनामा कार्यवाई के पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल की मर्चुरी पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरो की टीम ने पोस्टमार्टम किया। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और परिजनों व ग्रामीणों से पूंछतांछ भी की जा रही है।
इनका कहना है-
करौंदिया तालाब में आज युवक का शव पाया गया। सूचना मिलने पर वे स्वत: पुलिस टीम के साथ मौके पर गये थे। पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कार्यवाई के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों द्वारा शव का बिसरा भी प्रयोगशाला जांच के लिये सुरक्षित किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के पश्चात मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिलेगी।
केदार परौहा, थाना प्रभारी सेमरिया
