
इंदौर. रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग के दौरान जीआरपी ने दो महिला तस्करों को करीब 75 किलो डोडाचूरा के साथ पकड़ा. दोनों महिलाएं मादक पदार्थ को ट्रॉली और पिट्ठू बैग में छिपाकर ले जा रही थीं. जीआरपी ने उनके कब्जे से 74 किलो 995 ग्राम डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए है, बरामद किया है.
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान परमिंदर कौर उम्र 36 साल और जसविंदर कौर उम्र 47 साल, दोनों निवासी ग्राम तलवंडी कला, जिला लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है. परमिंदर के पास से 41 किलो 555 ग्राम और जसविंदर के कब्जे से 33 किलो 440 ग्राम डोडाचूरा मिला. नियमित चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो महिलाएं मादक पदार्थ लेकर स्टेशन पर मौजूद हैं. सूचना के बाद प्लेटफार्म नंबर 8 पर नागदा तरफ घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा. तलाशी में उनके सामान से डोडाचूरा बरामद हुआ. जीआरपी ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया है. पूछताछ में डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस तस्करी से जुड़े नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
