
भोपाल।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने आज प्रदेश कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी पार्टी की एक अहम कड़ी हैं। आप केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि इस विचार परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक किसी संस्था से जुड़ता है, तो वह उस संस्था की संस्कृति, विचार और कार्यपद्धति का सहभागी बन जाता है। सभी कर्मचारियों के लिए मेडिकल क्लेम और बीमा की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों के बच्चों को स्कॉलरशिप मिलती है, तो पार्टी उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए हरसंभव आर्थिक मदद प्रदान करेगी। साथ ही उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि यदि किसी को बैंक लोन की आवश्यकता होगी तो मैं स्वयं गारंटी देने को तैयार हूं, ताकि आपके बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बन सके। खंडेलवाल ने कहा कि कार्यालय में कार्यरत प्रत्येक सदस्य का परिवार सुरक्षित एवं संरक्षित भाव से रहे हम इसका सदैव ध्यान रखेंगे।
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि तुलसीदास जी ने कहा है कि ‘बिनु प्रतीत होइ न प्रीति’ अर्थात बिना परिचय के प्रेम और विश्वास नहीं होता। उन्होंने कहा कि यही उद्देश्य लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने प्रत्येक सदस्य से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया है, ताकि पारिवारिक भाव और आपसी विश्वास को और सशक्त किया जा सके। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने सभी कर्मचारियों का परिचय प्रदेश अध्यक्ष से कराया।
