बेगमगंज: निकटवर्ती ग्राम ऊमरखोह की शासकीय माध्यमिक शाला परिसर में लगाए गए बिजली के खंभे और शौचालय के समीप स्थापित ट्रांसफार्मर से विद्यार्थियों की जान पर गंभीर खतरा बना हुआ है। विद्युत वितरण विभाग द्वारा लगाया गया यह ट्रांसफार्मर स्कूल में अध्ययनरत बच्चों के लिए किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है।बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर से कई ग्रामीणों द्वारा अवैध रूप से तार जोड़कर घरेलू कनेक्शन और खेतों की सिंचाई के लिए बिजली उपयोग की जा रही है। आपसी खींचतान के चलते कई बार तार टूटकर गिर जाते हैं, जिससे स्कूल परिसर और विशेषकर शौचालय जाने वाले विद्यार्थियों के लिए करंट फैलने का खतरा बना रहता है।
शिक्षकों की सतर्कता से अब तक बड़ा हादसा टलता रहा है। तार टूटने की स्थिति में तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर लाइन ठीक कराई जाती है। बावजूद इसके खतरा लगातार बना हुआ है। स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष भोगचन्द्र एवं प्रधानाध्यापक द्वारा लगभग एक वर्ष पूर्व ही बिजली विभाग को आवेदन देकर खंभे और ट्रांसफार्मर को स्कूल परिसर से दूर स्थानांतरित करने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि सर्दी के मौसम में 99 विद्यार्थी धूप में बैठने, लंच करने और खेलकूद गतिविधियों के लिए स्कूल प्रांगण का उपयोग करते हैं। यदि जल्द ही विद्युत खंभे और ट्रांसफार्मर को हटाया नहीं गया, तो किसी भी दिन बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।
