गाड़ी टकराने का झूठा आरोप लगाकर बैंक कर्मी को रोका,10 हजार मांगे नही देने पर चाकू मारा आईटी पार्क रोड पर तीन बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

इंदौर:भंवरकुआं थाना क्षेत्र में बीती रात ड्यूटी से घर लौट रहे एक निजी बैंक कर्मचारी को तीन अज्ञात बाइक सवारों ने जबरन रोका और एक्सीडेंट का झूठा आरोप लगाकर रुपयों की मांग की। विरोध करने पर बदमाशों ने युवक की जांघ में चाकू मारकर उसे लहूलुहान कर दिया।पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे भंवरकुआं चौराहा से आईटी पार्क के बीच की है। फरियादी गौतम परिहार एक निजी बैंक में कार्यरत है, अपनी बाइक से ड्यूटी खत्म कर घर जा रहा था।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन अज्ञात युवकों ने उसे ओवरटेक कर रोका।बदमाशों ने गौतम पर चिल्लाते हुए आरोप लगाया कि उसने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मारी है और नुकसान के हर्जाने के तौर पर 10 हजार रुपये की मांग करने लगे। गौतम ने स्पष्ट किया कि उसने किसी गाड़ी को टक्कर नहीं मारी है, लेकिन आरोपी लगातार रुपयों के लिए दबाव बनाने लगे और गाली-गलौज पर उतर आए।

जब गौतम ने वसूली की इस कोशिश का कड़ा विरोध किया, तो तीनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच, एक आरोपी ने धारदार चाकू निकाला और गौतम पर वार कर दिया। चाकू गौतम की जांघ में जा लगा, जिससे काफी खून बहने लगा। गौतम के चिल्लाने और लोगों के इकट्ठा होने के डर से तीनों आरोपी अपनी बाइक पर सवार होकर वहां से भाग निकले।जाते-जाते बदमाशों ने गौतम को धमकाते हुए कहा कि अगर थाने जाकर रिपोर्ट की, तो तुझे जान से खत्म कर देंगे।

Next Post

औचक निरीक्षण और किसानों के प्रति संवेदनशीलता ही सुशासन की पहचान: डॉ बाजपेई

Thu Apr 30 , 2026
भोपाल: मध्यप्रदेश भाजपा के प्रवक्ता डॉ हितेश बाजपेई ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि औचक निरीक्षण, सशक्त निर्णय और किसानों के प्रति संवेदनशीलता ही सुशासन की असली पहचान है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री के आज के दौरे […]

You May Like

मनोरंजन