
इंदौर. शनिवार की आधी रात दो गुटों में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस दौरान एक नाबालिग की चाकू से हत्या कर दी गई. वारदात के बाद मृतक के साथियों ने जमकर उत्पात मचाया, गाड़ियों के शीशे फोड़े और राहगीरों पर पथराव कर दिया.
घटना एमआर-9 स्थित मदरहुड हॉस्पिटल के पास संजय नगर क्षेत्र की है. देर रात करीब 12 बजे दो समूहों में कहासुनी के बाद हाथापाई हुई और बात बढ़ने पर एक गुट के युवकों ने चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल नाबालिग को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान 17 वर्षीय अमन पिता घनश्याम कुशवाह निवासी सेठी नगर के रूप में हुई है. घटना के बाद मृतक के साथी गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे और संजय गांधी नगर, नादिया नगर व एलआईजी कॉलोनी क्षेत्र में तोड़फोड़ कर दी. कई वाहनों के शीशे फोड़े और राहगीरों पर पथराव किया. सूचना मिलते ही एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह और एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घेराबंदी कर तीन संदेहियों को पकड़ा है. एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश हत्या का कारण सामने आया है. आरोपियों की तलाश जारी है और सख्त कार्रवाई की जाएगी.
