डिफेंडिंग चैंपियन ईस्ट बंगाल एफसी एक बार फिर अपना खिताब बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। पिछले सीज़न में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था, जिसमें उन्होंने 13 जीत हासिल की थीं और उन्हें केवल एक हार का सामना करना पड़ा था।
पिछले सीजन के छह क्लब – ईस्ट बंगाल एफसी, सेतु एफसी, किकस्टार्ट एफसी, नीता फुटबॉल अकादमी, गोकुलम केरल एफसी और गढ़वाल यूनाइटेड एफसी – इस बार भी हिस्सा लेंगे। इनके साथ होप्स एफसी और जुबा संघ एफसी भी जुड़ेंगे, जिन्होंने 2025-26 सीज़न में आईडब्ल्यूएल 2 में क्रमशः पहला और दूसरा स्थान हासिल करके प्रमोशन पाया है।
पिछले सीज़न में ईस्ट बंगाल की फ़ज़िला इक्वापुट 20 गोल के साथ सबसे ज़्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी रहीं। नीता फुटबॉल अकादमी की प्यारी ज़ाक्सा और सेतु FC की लिंडा कॉम भी बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों में शामिल थीं।
यह नया सीज़न ऐसे समय में आ रहा है जब ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) और कैप्रि स्पोर्ट्स ने आईडब्ल्यूएल और आईडब्ल्यूएल 2 के कमर्शियल विकास और मार्केटिंग अधिकारों के लिए 15 साल की साझेदारी के तहत एक साथ काम करना शुरू कर दिया है।
एआईएफएफके डिप्टी सेक्रेटरी जनरल एम. सत्यनारायण ने कहा कि यह लीग देश में महिला फुटबॉल के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनी हुई है।
उन्होंने कहा, “इंडियन विमेंस लीग भारत में महिला फुटबॉल के विकास की एक अहम नींव है। 2026-27 सीज़न में आठ क्लब खिताब के लिए मुकाबला करेंगे, जहाँ पूरे देश की खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की कोशिश करेंगी। आईडब्ल्यूएल के साथ-साथ, आईडब्ल्यूएल 2 भी क्लबों और खिलाड़ियों को घरेलू ढांचे में आगे बढ़ने का एक बेहतरीन रास्ता प्रदान करता है। हमें एक रोमांचक सीज़न की उम्मीद है और हम पूरे भारत में महिला फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए और अधिक अवसर पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
