सीधी: विधायक और बीजेपी की वरिष्ठ नेत्री रीती पाठक ने फुटपाथ व्यवसायियों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और उनके द्वारा बेची जा रही वस्तुओं की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने फुटपाथ पर लगे एक भुट्टे के ठेले से भुट्टा खरीदा, उसका स्वाद चखा और ऑनलाइन भुगतान भी किया। उन्होंने फुटपाथ व्यवसायियों की सराहना करते हुए कहा कि वे हमारी अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण घटक हैं। रीती पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लगातार प्रयास है कि ‘लोकल फॉर वोकल’ और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा मिले।
उन्होंने नगरवासियों से अपने आसपास बनने वाली और स्थानीय व्यवसायियों द्वारा बेची जा रही वस्तुओं की खरीदारी करने की अपील की। विधायक ने कहा कि स्थानीय और मौसमी वस्तुओं की खरीदारी से स्वास्थ्य को लाभ मिलता है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। विधायक को अपने बीच देखकर फुटपाथ ठेला व्यवसायी काफी खुश नजर आए और उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के उनके ठेले पर आने से व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र सिंह मुन्नू, जिला उपाध्यक्ष विश्व बंधुधर द्विवेदी, जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
