
जबलपुर। मेडिकल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के अकाउंटिंग डेटा में सेंध लगाकर 8 करोड़ 68 लाख 30 हजार 286 रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट और जीएसटी की हेराफेरी करने वाले गिरोह पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने शिकंजा कसा है। इस मामले में मुख्य एकाउंटेंट और उसके परिजनों समेत 5 आरोपियों के खिलाफ आठ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। मामले का खुलासा तब हुआ जब शास्त्री ब्रिज स्थित महादेव फार्मा के संचालक दीपांशु दीक्षित और एस.टी. ड्रग हाउस के संचालक मोहन अम्बवानी समेत 8 व्यापारियों ने ईओडब्ल्यू में शिकायत दर्ज कराई। जांच अधिकारी डीएसपी स्वर्ण जीत सिंह धामी की तफ्तीश और राज्य कर विभाग की रिपोर्ट में धोखाधड़ी का तरीका सामने आया।
