ग्वालियर। ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में 13 नवम्बर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मुख्य अतिथि में विशाल पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेले का आयोजन किया जाएगा। किसान कल्याण वर्ष के तहत होने वाले इस कार्यक्रम में पशुपालन, उन्नत खेती-किसानी और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में पशुपालन और कृषि से जुड़ी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसानों और पशुपालकों सहित विभिन्न हितग्राहियों को योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित करेंगे।
कार्यक्रम में कन्हैया लोकगीत, पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ और घोड़ा दौड़ जैसे आकर्षक कार्यक्रम भी होंगे। इन आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही किसानों और पशुपालकों को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। यह आयोजन क्षेत्र में कृषि एवं पशुपालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान बुधवार को कुलैथ पहुंचीं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, अपर जिला दंडाधिकारी सी.बी. प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयराज कुबेर तथा एसडीएम अतुल सिंह, जुही गर्ग और प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधि श्री शिवराज सिंह यादव भी इस मौके पर मौजूद थे।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने हैलीपैड, मुख्य मंच, प्रदर्शनी स्थल, पशुपालकों व किसानों की बैठक व्यवस्था, बैलगाड़ी दौड़ तथा घोड़ा दौड़ स्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़े सभी दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन किया जाए। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाएं ऐसी बनाई जाएं कि पशुपालकों, किसानों और कार्यक्रम में शामिल होने आए नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकें।
