युद्धविराम के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से दो जहाज गुजरे

तेहरान ,08 अप्रैल (वार्ता) ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम समझौते के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने को बाद बुधवार को दो जहाजों ने जलडमरूमध्य को पार किया।

समुद्री ट्रैकिंग फर्म ‘मरीनट्रैफिक’ ने बताया कि ग्रीक स्वामित्व वाले बल्क कैरियर ‘एनजे अर्थ’ ने दोपहर में और लाइबेरिया के झंडे वाले ‘डेटोना बीच’ ने उससे पहले इस जलमार्ग को पार किया।

ईरान और अमेरिका दोनों ही इस जलडमरूमध्य के माध्यम से जहाजों की आवाजाही को सुगम बनाने पर सहमत हुए हैं, जिससे फारस की खाड़ी में फंसे 800 से अधिक जहाजों के सुरक्षित बाहर निकलने का रास्ता साफ हो गया है।

डेनमार्क की बड़ी शिपिंग कंपनी मेर्स्क ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए कहा कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य से पारगमन के लिए सतर्क रुख अपनाएगी। कंपनी ने एक बयान में कहा कि फिलहाल वे अपनी सेवाओं में कोई बदलाव नहीं कर रहे हैं और भविष्य का कोई भी फैसला सुरक्षा स्थिति की निरंतर निगरानी और संबंधित अधिकारियों के मार्गदर्शन पर आधारित होगा।

इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने संघर्ष को समाप्त करने में मदद करने के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असीम मुनीर के अथक प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

श्री अराघची ने कहा कि पाकिस्तान के अनुरोध और ईरान के 10-सूत्रीय प्रस्ताव के आधार पर अमेरिका द्वारा समझौते के व्यापक ढांचे को स्वीकार करने के बाद, ईरान के सशस्त्र बल तब तक हमलों निलंबित रखेंगे जब तक ईरान पर हमले बंद रहेंगे।

ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान अपनी सेना के समन्वय में दो सप्ताह के लिए व्यापारिक जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित निकलने की अनुमति देगा।

गौरतलब है कि यह रणनीतिक जलमार्ग फरवरी के अंत से काफी हद तक बंद था, जब अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान ने अपना नियंत्रण सख्त कर दिया था।

 

 

Next Post

कई फ़ोन कॉल, खामेनेई का बदला रुख़, ट्रंप का फैसला, आखिरी घंटों में ऐसे हुआ ईरान-अमेरिका समझौता

Wed Apr 8 , 2026
वॉशिंगटन/तेहरान, 08 अप्रैल (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तय समयसीमा समाप्त होने से कुछ घंटे पहले ईरान-अमेरिका युद्धविराम के घटनाक्रम में नाटकीय मोड़ तब आया जब ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने पहली बार अमेरिका के साथ समझौते के संकेत दिए। रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने ईरानी वार्ताकारों […]

You May Like