
रीवा, रीवा में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा की सभा को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के मुखिया डा. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अब तक कांग्रेस ने सत्ता को अपना अधिकार समझा, लोकतंत्र को अपनी जागीर बनाया और देश के युवा, किसान, महिला, मजदूर सबके साथ अन्याय करने का काम किया है. एनसीसी मैदान में पदयात्रा शुभारंभ सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत जनता की होती है, आज लड़ाई लोकतंत्र बचाने की है. कांग्रेस ने राम मंदिर बनाने में प्रश्न और संकट खड़े किये थे. सत्ता की लालसा में लोकतंत्र का घला घोंटते रहे. कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने का पाप किया है.
आपातकाल के दौरान लोकतंत्र का गला घोटने वाली कांग्रेस आज संविधान और चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है. लोकतंत्र की मजबूती के लिये निष्पक्ष चुनाव और शुद्ध मतदाता सूची आवश्यक है. कांगे्रस न्यायालय पर टिप्पणी करती है और न्यायाधीशों और चुनाव आयोग का मजाक बनाते है. उन्होने चुटकी लेते हुए कहा कि केरल और हिमांचल में जीत जाय तो चुप है और बंगाल में हार जाते है तो हाय-रे-हाय रे करते है. जहा चुनाव में जनता इन्हे नकार देती है तो कहते है चुनाव खराब वोट चोरी हो गया. जनता के दिलों में राज करना है तो जनता के बीच जाना होगा पर कांगे्रसियों से यह नही होता, इनको कठिन लगता है. राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि देश आज नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है. विकास हो रहा है दुनिया आज भारत के तरफ देख रही है. लेकिन अगर कोई है जिसकी छाती पर सांप लोट रहा है तो वो कांग्रेस और राहुल गांधी है. पता नही इस परिवार में क्या दिक्कत है. आज गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में बदलाव आया है हर घर में शुद्ध पानी पहुंचाने का काम मोदी सरकार कर रही है. कांग्रेस हर बात का विरोध करती है. मुख्यमंत्री ने एनसीसी परेड ग्राउण्ड से कालेज चौराहा होते हुए मानस भवन, प्रकाश चौराहा तथा पद्मधर पार्क तक आयोजित हजारों आमजनों की पदयात्रा का नेतृत्व किया. सभा में नगरीय विकास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, सांसद रीवा जनार्दन मिश्रा, सांसद सीधी डॉ. राजेश मिश्रा, सांसद सतना गणेश सिंह शामिल हुए.
विकास कार्यो से विरोधियों के पेट दुख रहे है
मुख्यमंत्री ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है. मृत और अपात्र मतदाताओं के नाम काटने के लिए एसआईआर की प्रक्रिया की गई. शुद्ध मतदाता सूची से ही शुद्ध मतदान होता है. यह लोकतंत्र का आधार है. कांग्रेस जब केरल और हिमांचल में जीतती तो चुप रहती है लेकिन जब हारती है तब शोर मचाती है. केन्द्र और मध्यप्रदेश की सरकार लगातार गरीबों के कल्याण का कार्य कर रही हैं. प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है. विकास कार्यों के लिए हमें जनता का लगातार आशीर्वाद मिल रहा है. हमने गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्के मकान दिए. देश में 80 करोड़ व्यक्तियों को हर माह नि:शुल्क राशन मिल रहा है. महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू हैं. पूरे देश में अधोसंरचना का तेजी से विकास हो रहा है. मध्यप्रदेश में 2003 में प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपए सालाना थी जो अब एक लाख 17 हजार रुपए हो गई है. तब बिजली का उत्पादन 5 हजार मेगावाट था जो अब 30 हजार मेगावाट है. स्लीमनाबाद में टनल का कार्य पूरा हो गया है. अब विन्ध्य क्षेत्र में किसानों को सिंचाई के लिए नर्मदा का जल मिलेगा. जल जीवन मिशन से प्रधानमंत्री जी हर घर को नल से साफ पानी पहुंचाने जा रहे हैं. विकास के इन कार्यों से विरोधियों के पेट दुख रहे हैं. कांग्रेस चुनाव आयोग और न्यायाधीशों का मजाक बना रही है. देश के युवाओं और आमजनता को भ्रमित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. इनकी पोल खोलने के लिए ही लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा आयोजित की गई है. कांग्रेस न राम को जानती है न शिव को, वह केवल सत्ता को मानती है. उनका जनकल्याण से कुछ लेना-देना नहीं है.
राहुल गांधी देश में भ्रम फैलाने का काम कर रहे है: राज्यमंत्री श्रीमती निमूबेन बांभनिया
सभा में केन्द्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री श्रीमती निमूबेन बांभनिया ने कहा कि हम सब रीवा की पावन धरती पर लोकतंत्र की मजबूती के लिए एकत्रित हुए हैं. कांग्रेस के शासनकाल में 12 में से 10 बार निर्वाचन आयोग ने एसआईआर की प्रक्रिया की. तब कांग्रेस ने कोई प्रश्न नहीं उठाया. एसआईआर के बाद भी कई राज्यों में कांग्रेस जीती तब व्यवस्था सही थी. लेकिन जैसे ही कांग्रेस चुनाव हारती है तो एसआईआर और निर्वाचन आयोग पर अनर्गल आरोप लगाने लगती है. कांग्रेस का दोहरा चरित्र है जिसे जनता जान चुकी है और अब जनता भ्रम में पडऩे वाली नही है. उन्होने कहा कि कांग्रेस के राहुल गांधी पूरे देश में भ्रम फैलाने का काम कर रहे है. हम कांग्रेस का यही दोहरा चरित्र बताने आए हैं. चुनाव आयोग ने एसआईआर में केवल अपात्र लोगों के नाम काटे हैं. प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सशक्त भारत का निर्माण हो रहा है. देश का विकास और आमजनता का कल्याण कांग्रेस को सहन नहीं हो रहा है.
लोकतंत्र को कमजोर करने का पाप किया जा रहा है: उप मुख्यमंत्री
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने सभा को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होने कहा कि कांग्रेस के समय कुशासन शासन रहा है. प्रदेश में सुशासन का शासन है, जनता कुशासन व सुशासन को समझ गई है, इसी लिये लगातार कमल खिल रहा है. उन्होने कहा कि युवाओं को भ्रमित करने का काम राजनीतिक पार्टियां कर रही है. जनता की नजरों से उतर गई है इसी लिये एक अराजकता का वातावरण बनाने लगी है. लोकतंत्र को कमजोर करने का पाप किया जा रहा है. उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में तीन वर्षों में पर्यटन, उद्योग और कृषि के क्षेत्र में क्रांतिकारी विकास हुआ है. प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास करते हुए 11वें नम्बर की अर्थव्यवस्था से दुनिया की तीसरे नम्बर की अर्थव्यवस्था बन गया है. देश के तेजी से हो रहे विकास से दुनिया भर के कई बड़े देश चिंतित हैं. उनके साथ-साथ विरोधी दलों के नेता भी चिंतित हैं. कांग्रेस अपनी हार के वास्तविक कारणों से जनता का ध्यान हटाने के लिए कई देश विरोधी और लोकतंत्र विरोधी प्रलाप कर रही है. मतदाता सूची से तीन करोड़ से अधिक घुसपैठियों के नाम काटे गए हैं. इसका विरोध करने के लिए कांग्रेस और अन्य दलों ने जंतर-मंतर में तमाशा किया. यहाँ कई युवाओं ने प्रधानमंत्री जी को अपशब्द कहे. हम सब आज प्रधानमंत्री जी के विकास के कार्यों और लोकतंत्र को समर्थन देने के लिए पदयात्रा कर रहे हैं जिससे प्रधानमंत्री जी देश को विश्वगुरू बनाने में सफल हों. उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने विन्ध्य को विकास की कई सौगातें दी हैं. बाणसागर बांध की नहरों के निर्माण, रेलवे परियोजना के लिए पर्याप्त राशि, नर्मदा जल के लिए स्लीमनाबाद में टनल का निर्माण सहित विन्ध्य को कई सौगातें मिली हैं. मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश भर में स्वामित्व योजना के 50 लाख से अधिक हितग्राहियों के पट्टे का नि:शुल्क पंजीयन कराया है. आपके दिल में गरीबों के कल्याण और चिंता का जो भाव है उससे सुशासन को बल मिल रहा है. आमजनता का दुख-दर्द मिटाना ही सच्चा सुशासन है. अब लड़ाई सुशासन और कुशासन के बीच है. इसमें सुशासन अवश्य जीतेगा. इस जीत पर हम किसी को पानी नहीं फेरने देंगे.
