इंदौर:राऊ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी मारुति डिजायर कार से अंग्रेजी व देशी शराब की खेप लेकर जा रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया.राऊ थाना प्रभारी राजपाल सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर लगातार चल रही निगरानी के दौरान देर रात मुखबिर से सूचना मिली, जिसके बाद संदिग्ध वाहन को रोका. तलाशी में कार से 13 पेटी अवैध शराब बरामद हुई, पूछताछ में आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका.
पकड़े गए आरोपी की पहचान 36 वर्षीय संतोष बागरी निवासी संजय नगर, कैट रोड, राऊ के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके कब्जे से करीब एक लाख दो हजार रुपये की शराब और लगभग छह लाख रुपये कीमत की कार जब्त की. जब्त माल की कीमत सात लाख दो हजार रुपये बताई जा रही है. आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आरोपी से शराब के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है. बताया गया है कि आरोपी पर पहले से भी आबकारी के पांच से अधिक मामले दर्ज हैं.
