जबलपुर: गोरखपुर थाना अंतर्गत राय कैफे के पास पैदल जा रही एक महिला के हाथ से बाइक सवार दो युवक मोबाइल छीनकर रफूचक्कर हो गए।पुलिस के अनुसार, 29 वर्षीय सरोपति कुंजाम निवासी कटंगा की एपीआर कॉलोनी की खाना बनाने का काम करती हैं। सुबह पैदल काम पर जा रही थीं। जैसे ही वह गोरखपुर में राय कैफे के पास कोटक महिंद्रा बैंक के सामने पहुंचीं, उनके पास एक फोन आया।
सरोपति ने जैसे ही अपनी लोअर की जेब से मोबाइल निकालकर बात करना शुरू किया, तभी गोरखपुर बाजार की तरफ से एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल आई। मोटरसाइकिल पर दो लड़के सवार थे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, बाइक चला रहे युवक ने पलक झपकते ही महिला के हाथ पर झपट्टा मारा और मोबाइल छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से कटंगा क्रॉसिंग की तरफ भाग निकले।
