एनएचआरसी ने नागपुर में 18 श्रमिकों की मौत का स्वतः संज्ञान लिया

नयी दिल्ली 05 मार्च (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कटोलतालुका क्षेत्र के राउलगांव में एक विस्फोटक निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में 18 श्रमिकों की मौत और 24 अन्य के गंभीर रूप से झुलसने की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है।

एनएचआरसी ने आज बताया कि आयोग ने मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लिया है, जिनमें कहा गया है कि महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कटोलतालुका क्षेत्र के राउलगांव में एक विस्फोटक निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में कम से कम 18 श्रमिकों की मौत हो गई और 24 अन्य घायल हो गए। बताया जाता है कि यह घटना 1 मार्च को सुबह लगभग 7:00 बजे कारखाने के पैकिंग अनुभाग में हुई।

आयोग ने पाया है कि यदि समाचार रिपोर्ट में दी गई जानकारी सही है, तो इससे पीड़ितों के मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन के मामले सामने आते हैं। इसलिए, आयोग ने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में घायल व्यक्तियों के स्वास्थ्य की स्थिति, जांच और घायलों तथा मृतकों के परिजनों को मुआवजे के वितरण से संबंधित जानकारी मांगी है।

उल्लेखनीय है दो मार्च को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार , प्रारंभिक जांच में विस्फोटक और कारखाना अधिनियमों के प्रावधानों के संभावित उल्लंघन का संकेत मिला है। खबरों के मुताबिक, कारखाना प्रबंधन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

 

 

 

Next Post

दूध संघ मुख्यालय पर किसानों का प्रदर्शन, की दूध के दाम बढ़ाने व बोनस की मांग

Thu Mar 5 , 2026
इंदौर। तलावली चांदा स्थित दूध संघ मुख्यालय पर गुरुवार को मालवा क्षेत्र के पांच जिलों से पहुंचे दूध उत्पादक किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया. किसानों ने दूध के दाम बढ़ाने और बोनस देने की मांग करते हुए प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो […]

You May Like