सफर के दौरान यात्रियों का हजारों का सामान चोरी 

बदमाशों ने उड़ाए मोबाइल, नकदी और पर्स

भोपाल, 18 जनवरी. टे्रनों में सफर के दौरान कई यात्रियों का हजारों का सामान चोरी चला गया. भीड़भाड़ और नींद का फायदा उठाकर बदमाश मोबाइल फोन, पर्स और नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए. जीआरपी ने सभी मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार मुंबई निवासी सुनील कुमार मालवा एक्सप्रेस में नई दिल्ली से उज्जैन की यात्रा कर रहे थे. सीट पर सोते समय उन्होंने अपना हैंडबैग बगल में रखा हुआ था. बीना स्टेशन निकलने के बाद उनकी नींद खुली तो देखा कि हैंडबैग सीट के नीचे गिरा पड़ा है. उन्होंने बैग चैक किया तो उसके अंदर रखे पांच हजार रुपये गायब थे. इसी प्रकार कोतवाली ललितपुर उत्तर प्रदेश निवासी राजमती जैन दक्षिण एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार होकर यात्रा कर रही थी. इस दौरान उनकी स्वेटर की जेब में रखा एक मोबाइल फोन चोरी चला गया. चोरी गए मोबाइल की कीमत 8 हजार रुपए बताई गई है. इधर मदन महल जबलपुर निवासी दीपक शुक्ला अमरावती एक्सप्रेस में नागपुर से जबलपुर की यात्रा कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने अपना मोबाइल फोन जैकेट की जेब में रखा हुआ था. इटारसी स्टेशन के पास उनकी नींद खुली तो पता चला कि जैकेट में रखा मोबाइल फोन गायब है. चोरी गए मोबाइल की कीमत 6 हजार रुपए बताई गई है. सीतापुर एक्सप्रेस में मोबाइल चोरी बहराईच उत्तर प्रदेश निवासी राजेश कुमार सीतापुर एक्सप्रेस में मुंबई से सीतापुर की यात्रा कर रहे थे. ट्रेन में बैठने के अगले दिन वह इटारसी पहुंचे. इस दौरान उनकी जेब में रखा एक मोबाइल फोन चोरी हो गया. चोरी गए मोबाइल की कीमत 12 हजार रुपये बताई गई है. राजेश ने इस मामले की शिकायत लखनऊ जीआरपी में की थी, जहां से केस डायरी आने के बाद असल कायमी कर ली गई है. इसी प्रकार ग्वालियर निवासी संतोष अहिरवार श्रीधाम एक्सप्रेस में नर्मदापुरम से ग्वालियर की यात्रा कर रहे थे. यात्रा के दौरान किसी ने जेब में रखा 11 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन चोरी कर लिया. इधर टीकमगढ़ निवासी रितिक सूतकार उद्योग नगरी में बैठकर झांसी से भोपाल आए थे. यहां से उन्हें बीकानेर जाना था. गलती से वह दूसरी ट्रेन में बैठकर इटारसी पहुंच गए. इस दौरान जेब में रखा उनका 12 हजार रुपए का मोबाइल फोन चोरी हो गया.

Next Post

बस चालक की लापरवाही से आटो चालक घायल 

Sat Jan 18 , 2025
भोपाल, 18 जनवरी. शाहजहांनाबाद इलाके में एक बस चालक की लापरवाही के चलते बैटरी आटो ड्रायवर गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस के मुताबिक मंसूर खान […]

You May Like