हाईवे जाम कर सड़क चौड़ीकरण का विरोध कर रहे नौ लोग हिरासत में

ऋषिकेश, 17 जुलाई (वार्ता) उत्तराखंड में ऋषिकेश-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान पेड़ों की कटाई का विरोध कर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने और यातायात अवरुद्ध करने के आरोप में पुलिस ने नौ लोगों को हिरासत में लेते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार आज वन निगम की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत सड़क किनारे पेड़ों की कटाई का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारी मौके पर पहुंचे और वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य करने से रोकने लगे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद कुछ महिला एवं पुरुष प्रदर्शनकारी काली माता मंदिर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचकर सड़क पर खड़े हो गए, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया और यातायात को सुचारु कराया। पुलिस ने मौके से पांच महिलाओं और चार पुरुषों सहित कुल नौ प्रदर्शनकारियों को डिटेन कर लिया।

घटना के संबंध में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह ममंगई की तहरीर पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग बाधित कर आमजन की आवाजाही प्रभावित करने तथा सरकारी कार्य में अवरोध उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Next Post

केन्द्र सरकार को वांगचुक की मांग पर कोई समाधान ढूंढना चाहिए- पायलट

Fri Jul 17 , 2026
टोंक 17 जुलाई (वार्ता) राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली के जंतर मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक की केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर केन्द्र सरकार को अब कुछ ना कुछ समाधान ढूंढना चाहिए। श्री […]

You May Like