
दतिया। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों ने इस उपचुनाव को प्रतिष्ठा का मुद्दा बना लिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह खुद यहां चुनाव अभियान चला रहे हैं। भाजपा ने संगठनात्मक ताकत का पूरा जोर लगाया है, जबकि कांग्रेस अपने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्गों को साधने की कोशिश कर रही है. राजेंद्र भारती प्रकरण को लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है.
दतिया में वरिष्ठ नेताओं के लगातार दौरे हो रहे हैं. भाजपा की ओर से केंद्रीय और प्रदेश स्तर के नेता क्षेत्र में सक्रिय हैं, वहीं कांग्रेस भी अपनी पूरी मशीनरी उतार चुकी है. स्थानीय मुद्दों जैसे जल संकट, सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर बहस छिड़ी हुई है.
प्रचार अभियान के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा. दलित बस्ती में जनसंपर्क के समय एक स्थानीय युवक ने उनसे सीधे और तीखे सवाल पूछे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. यह घटना उपचुनाव को और अधिक रोचक बनाती नजर आ रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक सभा में जीतू पटवारी जब भाजपा पर निशाना साधते हुए जब यह कह रहे थे कि पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को भाजपा ने जेल भिजवाया है, इस बयान पर वहाँ मौजूद एक युवक ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए पूछा, “क्या राजेंद्र भारती मुलजिम नहीं थे? इसलिए तो जेल गए होंगे?” युवक के इस सवाल ने पटवारी की बात को सीधे चुनौती दी.
युवक की टिप्पणी के बाद आसपास की भीड़ में हलचल मच गई और कुछ देर के लिए प्रचार कार्यक्रम ठप्प सा हो गया. जीतू पटवारी ने इस पर कोई विस्तृत जवाब नहीं दिया और “जय भीम” का नारा लगाते हुए आगे बढ़ गए.
*मतदाताओं का सीधा संवाद, चुनावी माहौल गर्म*
दतिया उपचुनाव में यह घटना आम मतदाताओं द्वारा नेताओं से सवाल पूछने की बढ़ती प्रवृत्ति को बता रही है. पहले भी कई जगहों पर प्रत्याशियों और वरिष्ठ नेताओं को स्थानीय मुद्दों, विकास कार्यों, बेरोजगारी और जातीय समीकरणों पर सवालों का सामना करना पड़ा है. मतदाता अब तैयारशुदा भाषणों से आगे जाकर जवाब मांग रहे हैं.
*प्रदेश प्रभारी डाॅ. महेन्द्र सिंह आज प्रचार रथों को करेंगे रवाना*
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डाॅ. महेन्द्र सिंह 21 जुलाई मंगलवार को प्रातः 09ः45 बजे दतिया के होटल रतन राॅयल स्थित उपचुनाव कार्यालय से पार्टी के प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेतागण, पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और जिला पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
